शिवपुरी: शादी के एक साल बाद 3 लाख रुपए दहेज के लिए महिला को घर से निकाला,

शिवपुरी, शहर के बछोरा वार्ड नंबर 1 में रहने वाली रेखा कुशवाह ने अपने ससुरालवालों पर दहेज के लिए उत्पीड़न करने और घर से निकालने का गंभीर आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार, रेखा की शादी एक साल पहले 18 अप्रैल 2024 को संजीव कुशवाह से हुई थी। यह विवाह सामूहिक विवाह सम्मेलन के तहत मायापुर सरजापुर में हुआ था।

शादी के केवल 4 महीने बाद, अगस्त 2024 में रेखा के ससुरालवालों ने 3 लाख रुपए दहेज की मांग की। रेखा ने बताया कि वह इस राशि को देने में असमर्थ थी, जिसके बाद उसके पति और ससुरालवालों ने उसे घर से निकाल दिया।

रेखा ने पति संजीव कुशवाह, सास फूला कुशवाह, ससुर बल्लू कुशवाह, जेठ प्रकाश कुशवाह और जेठानी इशूददी कुशवाह पर दहेज की मांग और मारपीट का आरोप लगाते हुए महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई है।

महिला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रेखा ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस घटना ने दहेज प्रथा और महिलाओं के खिलाफ उत्पीड़न के मामलों को एक बार फिर उजागर किया है।