शिवपुरी के बन्हेंराखुर्द गांव में आधी रात मचा तांडव: हथियारबंद गिरोह ने की डकैती, महिला से दुर्व्यवहार; तीन आरोपी गिरफ्तार, दो अब भी फरार


शिवपुरी के बन्हेंराखुर्द गांव में आधी रात मचा तांडव: हथियारबंद गिरोह ने की डकैती, महिला से दुर्व्यवहार; तीन आरोपी गिरफ्तार, दो अब भी फरार

गांव में फैली दहशत, आरोपियों से बरामद हुए हथियार व लूटी गई संपत्ति

शिवपुरी, मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के बैराड़ थाना अंतर्गत बन्हेंराखुर्द गांव में 13 अप्रैल की रात करीब 1 बजे एक संगठित अपराध गिरोह ने आतंक फैलाया। पांच नकाबपोश बदमाश हथियारों से लैस होकर गांव में घुसे और करीब तीन घंटे तक उत्पात मचाया। इस दौरान छह से अधिक घरों में लूटपाट की गई और एक महिला से दुर्व्यवहार की शर्मनाक घटना को अंजाम दिया गया। ग्रामीणों को डराने के लिए बदमाशों ने हवाई फायरिंग भी की।

तीन आरोपी पुलिस के शिकंजे में
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की। 19 अप्रैल को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए युवकों की पहचान पंजाब उर्फ रॉकी यादव (21), परमानंद उर्फ छोटू (22) और अंकित परिहार (20) के रूप में हुई है। इनसे लूटी गई संपत्ति—एक मोबाइल फोन, चांदी की करधौनी, और 4,900 रुपए नकद बरामद हुए हैं। साथ ही इनके कब्जे से एक 315 बोर का अवैध देसी कट्टा भी जब्त किया गया है।

मुख्य आरोपी पर दर्ज हैं 16 आपराधिक मुकदमे
घटना का मुख्य सरगना मुलायम उर्फ सड्डे यादव और उसका एक अन्य साथी अब भी फरार है। पुलिस के अनुसार, मुलायम के खिलाफ पहले से 16 संगीन धाराओं में मामले दर्ज हैं। शिवपुरी के पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौर ने फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 10-10 हजार रुपए के इनाम की घोषणा की है।

पहले से की थी रेकी, शुरू में दिखी चोरी की वारदात
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने वारदात से पहले गांव की रेकी की थी। प्रारंभिक तौर पर मामला साधारण चोरी का प्रतीत हुआ, लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, यह स्पष्ट हो गया कि यह एक पूर्व नियोजित डकैती थी, जिसमें महिला से अभद्रता भी की गई।

पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। फरार दो बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। इस ऑपरेशन में एएसपी संजीव मुले, एसडीओपी सुजीत सिंह भदौरिया, बैराड़, गोपालपुर, गोवर्धन, सिरसोद थाना प्रभारियों सहित साइबर सेल की अहम भूमिका रही।