राजस्थान के युवक से लाखों की स्मैक बरामद, शिवपुरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई
शिवपुरी। शहर में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने एक अंतर्राज्यीय संदिग्ध को दबोचकर उसके पास से लगभग 232 ग्राम मादक पदार्थ जब्त किया है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत 65 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है। आरोपी के पास से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि टोंगरा रोड स्थित रातौर पुलिया के पास एक व्यक्ति संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी गुलाबचंद पुत्र पुरीलाल तंवर, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम नीमखेड़ा, थाना घाटोली, जिला झालावाड़, राजस्थान को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 232.05 ग्राम भूरे रंग का संदिग्ध पदार्थ बरामद हुआ, जो प्रारंभिक जांच में स्मैक पाया गया।
पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ और हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है। इस मामले में आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह जानने की कोशिश कर रही है कि वह यह मादक पदार्थ कहां से लाया और कहां इसकी आपूर्ति की जानी थी। साथ ही उसके आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाला जा रहा है। शिवपुरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ मुहिम में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। इससे पहले भी कई तस्करों पर कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा जा चुका है। बाहरी राज्यों से आने वाले ऐसे संदिग्ध तत्वों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है।
Tags:
शिवपुरी