महिला ठग ने ग्रामीण महिलाओं से 8 लाख की ठगी, बर्तन और चांदी साफ कर जीता विश्वास
शिवपुरी: जिले के नरवर थाना क्षेत्र के शेरगढ़ गांव में एक महिला ठग ने 8 ग्रामीण महिलाओं को ठगी का शिकार बनाया। आरोपी महिला ने पहले बर्तन और चांदी के गहने साफ करके महिलाओं का विश्वास जीता और फिर 8 से 10 लाख रुपये के सोने के गहने लेकर फरार हो गई।
पीड़ित महिलाओं के अनुसार, आरोपी महिला पहले भी गांव में आई थी और उसने टूटे बर्तनों के बदले नए बर्तन दिए, चांदी के गहने साफ करके लौटाए और कुछ महिलाओं को पुराने गहनों के बदले नए गहने भी दिए। 8 मार्च को आरोपी ने सोने के गहने साफ करने का प्रस्ताव रखा, जिसके बाद महिलाओं ने अपने कान के बाले, मंगलसूत्र और पायल समेत करीब 8 से 10 लाख रुपये के गहने उसे सौंप दिए। इसके बाद आरोपी महिला गहने लेकर फरार हो गई।
पीड़ित महिलाओं ने दो दिन तक महिला का इंतजार किया, लेकिन जब वह नहीं आई, तो उन्होंने थाना नरवर में शिकायत दर्ज कराई। महिलाओं के अनुसार आरोपी महिला करीब 35 साल की है, सांवले रंग की है और उसका कद करीब 5 फीट है।
ठगी का शिकार होने वाली महिलाओं में रामबेटी, सिध्धोबाई, ब्रम्हाबाई, बैजब्ती, कोमेश, लाली, कपूरी और रामरती शामिल हैं। पीड़ितों ने पुलिस से आरोपी को जल्द पकड़ने और उनके गहने वापस दिलाने की मांग की है।
Tags:
नरवर