घर-घर विराजे विघ्नहर्ता भगवान गणेश
शिवपुरी। घर में पधारो गजानंदी मेरे घर में पधारो। ऐसी ही सुंदर गीतों की ध्वनियां वक्रतुण्ड भगवान गणेश के आगमन पर शिवपुरी जिले के अधिकतर घरों से आती हुई सुनाई दीं। दरअसल गणेश चतुर्थी पर कोविड गाइडलाइंस के अनुसार सार्वजनिक पूजा पंडालों पर रोक लगा दी है ताकि कोरोना के प्रसार को रोका जा सके। लेकिन गजानन के भक्त कहां मानने वाले हैं, उन्होंने अपने घरों में छोटी-छोटी गणपति जी की मूर्तियों को खरीदकर विधिपूर्वक स्थापना की।
फूलों व अशोक के पत्तों से हुई सजावट
गणपति भक्तों ने जहां ढोल-नगाडों के साथ गणपति जी की स्थापना अपने घरों में की और जमकर सडकों पर नाचते दिखाई दिए। वहीं परंपरागत तरीकों को अपनाते हुए लोगों ने अपने घरों को फूलों व अशोक के पत्तों से बंदनवार बनाकर सजाया। यही नहीं गणपति आगमन पर घरों के बाहर बनाई गई रंगोलियों में भरे रंग उनकी खुशियों को साफ जाहिर कर रहे थे।